जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल का है पर्याप्त स्टॉक, नागरिकों को घबराने की जरूरत नही : कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजेगैस सिलेंडर के अवैध संग्रहण पर सख्त कार्यवाही के निर्देश
गुड न्यूज छत्तीसगढ़।सारंगढ़
सारंगढ़ बिलाईगढ़/जिले में एलपीजी गैस की नियमित उपलब्धता और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने जिले के सभी गैस संचालकों के साथ समीक्षा बैठक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में 3300 घरेलू एलपीजी रिजर्व में है। इसी प्रकार पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है इसलिए जिले के नागरिक किसी भी प्रकार के अफवाह या भ्रामक खबर पर ध्यान नहीं दे। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कहा कि ऑयल कम्पनियों के पास इन पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उनकी नियमित आपूर्ति जारी है। अनावश्यक रूप से एलपीजी की ऑनलाईन बुकिंग या पेट्रोल डीजल के संग्रहण जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। ऑयल कम्पनियों और जिलों मे उपलब्ध एलपीजी, पेट्रोल, डीजल के स्टॉक की दैनिक जानकारी खाद्य विभाग के मॉड्युल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके आधार पर प्रतिदिन जिले में प्राप्त स्टॉक, विक्रय मात्रा तथा शेष उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जाएगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों को एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल के अवैध संग्रहण तथा दुरूपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध स्थलों की पहचान कर नियमित जॉच एवं आवश्यकतानुसार छापेमारी की कार्यवाही करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है।
*गैस सिलेंडर के लिए हेल्पलाइन जारी*
आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की समस्या होने पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। इसके लिए खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नम्बर 1800-233-3663 और 1967 के अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नम्बर- 0771-2511975 पर सम्पर्क किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय कॉल सेंटर में दर्ज शिकायतों का निराकरण संबंधित खाद्य नियंत्रक, खाद्य अधिकारी तथा ऑयल कम्पनियों के जिला समन्वयक द्वारा 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही की गई कार्यवाही की जानकारी विभागीय डैशबोर्ड मे तत्काल दर्ज की जाएगी।
*अफवाहों से बचने कलेक्टर ने की अपील*
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा इसकी जानकारी शीघ्र विभाग को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि, वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यकतानुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग करें, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।