शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फर्सवानी में हुआ यातायात और सायबर जागरूकता अभियान
गुड न्यूज छत्तीसगढ़।सारंगढ़
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फर्सवानी विकासखंड सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुलिस विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा ट्रैफिक संकेतों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में विस्तारपूर्वक समझाइश दी गई।
साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं सतर्क नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा यातायात एवं साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।


